Blogमध्यप्रदेश

एडीशनल सीईओ बने ‘गुरुजी’, चाक थामकर पढ़ाया गणित और अनुशासन का पाठ, पटीराजा स्कूल में छात्र-छात्राओं से किया संवाद

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत विकासखंड बहोरीबंद के बाकल में प्रशासनिक अधिकारियों का जनसंवाद और समस्याओं के निराकरण का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। इस दौरान जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुराग मोदी ने एकीकृत माध्यमिक शाला पटीराजा पहुंचकर विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और कुछ देर के लिए स्वयं ‘गुरुजी’ की भूमिका निभाई।

श्री अनुराग मोदी ने हाथ में चाक थामकर ब्लैकबोर्ड पर गणित के सवाल हल किए और फिर उन्हीं सवालों को बच्चों से पूछकर उनकी प्रतिभा परखी। कक्षा आठवीं की छात्रा रश्मि राय और छात्र स्वामी पटेल ने गणित के सवालों का आत्मविश्वास के साथ सही जवाब देकर एडीशनल सीईओ को प्रभावित किया। उनकी प्रतिभा से खुश श्री मोदी ने बच्चों की पीठ थपथपाकर उनका हौसला बढ़ाया।

जीवन में सफलता के लिए अनुशासन जरूरी

विद्यार्थियों से संवाद करते हुए श्री अनुराग मोदी ने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए अनुशासन का विशेष महत्व है। शिक्षा के साथ अनुशासन, समयपालन और आत्मविश्वास को अपनाकर बच्चे अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।

‘नशा नाश की जड़’, बच्चों को किया जागरूक

जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग श्री मोदी ने विद्यार्थियों को नशा मुक्ति अभियान की जानकारी भी दी। उन्होंने नशीले और मादक पदार्थों के सेवन से समाज और युवाओं पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए कहा कि “नशा नाश की जड़ है।” उन्होंने कहा कि सामुदायिक भागीदारी और सभी के सहयोग से ही नशे की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक कमलेश सैनी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button