मध्यप्रदेश

जबलपुर जिला शांति समिति की बैठक में कलेक्टर-एसपी ने दिए चाक-चौबंद इंतजामों के निर्देश, उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- आगामी ईद मिलादुन्नबी, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, गणेश उत्सव, अनंत चतुर्दशी और नवरात्रि पर्वों को लेकर जबलपुर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। 20 अगस्त को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित जिला शांति समिति की बैठक में कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय ने साफ कहा कि त्योहारों के दौरान शांति और सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में आगामी त्योहारों की तैयारियों, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और यातायात को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। संस्कारधानी की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप सभी त्योहार शांति, सद्भाव और उत्साह के साथ मनाने का निर्णय लिया गया।

शांति समिति के सदस्यों ने त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने, मुख्य मार्गों से आवारा पशुओं को हटाने के लिए हांका गैंग लगाने तथा जुलूस मार्गों पर समुचित बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने का सुझाव दिया। प्रशासन से पूर्व वर्षों की तरह सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने का आग्रह भी किया गया।

कलेक्टर बोले- त्योहार सभी के हैं

कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह ने शांति समिति के सदस्यों से प्राप्त सभी सुझावों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ईद मिलादुन्नबी, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और गणेश उत्सव सहित सभी पर्वों पर आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं की जाएंगी। उन्होंने कहा कि त्योहारों का माहौल ऐसा बनाया जाए, जिसमें समाज के सभी वर्गों और धर्मों के लोग परिवार सहित शामिल हों। इससे अनुशासन भी बना रहेगा और सभी लोग त्योहारों का आनंद भी ले सकेंगे।

एसपी की दो टूक- अशांति फैलाने वालों से सख्ती से निपटेंगे

पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों का भरोसा दिलाते हुए कहा कि थाना स्तर पर भी बैठकों का आयोजन कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस या त्योहारों के दौरान व्यवधान पैदा करने और अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी।

पुलिस ऐसे असामाजिक तत्वों को चिन्हित करेगी, जिनके संबंध में अशांति फैलाने की आशंका है। उनके आपराधिक रिकॉर्ड को ध्यान में रखते हुए प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने कहा कि किसी भी घटना या समस्या की सूचना तत्काल पुलिस और प्रशासन को दें, सूचना मिलते ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

शांति समिति से अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील

एसपी ने समिति के सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में शांति और सद्भाव बनाए रखने की जिम्मेदारी संभालने तथा प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने वालों पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री रविशंकर राय और श्री शैलेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अखिलेश तिवारी, नगर निगम, एमपीईबी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और जिला शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।जबलपुर प्रशासन का संदेश साफ है—त्योहार शांति और भाईचारे से मनाएं, लेकिन माहौल बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button