Blogमध्यप्रदेश

‘कोई घर ना छूटे’ शौचालय निर्माण के लिए 20 जुलाई से 31 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान, जिला पंचायत सीईओ ने शौचालय विहीन पात्र परिवारों को चिन्हांकन करने दिए निर्देश

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

पीएम आवास योजना वाले पात्र हितग्राहियों को भी मिलेगी प्रोत्साहन राशि, कटनी- राज्य स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्रों में “कोई घर ना छूटे” शौचालय निर्माण के लिए 20 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को शौचालय विहीन पात्र परिवारों का चिन्हांकन और शौचालय निर्माण में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार प्रगति समय सीमा में कराए जाने के निर्देश दिए हैं। सुश्री कौर ने कहा है कि विशेष अभियान के दौरान अधिक से अधिक शौचालय विहीन पात्र परिवारों को प्रोत्साहन राशि भुगतान किए जाने की कार्यवाही की जाएगी। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026-27 स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण)-फेज 2 का अंतिम वर्ष है। जिलों से प्राप्त कार्य योजना के अनुसार प्रदेश स्तर पर लगभग 2 लाख शौचालय विहीन अधिक से अधिक पात्र परिवारों को लाभान्वित कराए जाने का लक्ष्य रखा गया है। जिला पंचायत सीईओ ने समस्त जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को अभियान के दौरान दैनिक प्रगति की समीक्षा एवं लक्ष्य हासिल करने हेतु आवश्यक रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

पीएम आवास योजना वाले हितग्राही भी होंगे लाभान्वित

सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने बताया कि अभियान के प्रारंभ में ग्राम सभाओं, स्वच्छाग्रहियों और ग्राम पंचायतों की सहायता से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत प्रगतिरत एवं वर्ष 2025- 26 में स्वीकृत हितग्राहियों में से शौचालय विहीन परिवारों की पात्रता परीक्षण उपरांत पात्र हितग्राहियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

आवेदन ऑनलाइन दर्ज कराए जाएंगे

राज्य स्वच्छ भारत मिशन के निर्देशों के अनुसार हितग्राहियों से ऑनलाइन आवेदन दर्ज कराए जाएंगे एवं पात्रता परीक्षण के उपरांत प्रोत्साहन राशि का भुगतान आदि की कार्यवाही होगी।

Related Articles

Back to top button