Blogमध्यप्रदेश

उज्जैन-इंदौर रोड पर ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन’ की बस बनी आग का गोला, चलती बस में अचानक भड़की आग, यात्रियों में मची भगदड़; समय रहते सभी बाहर निकले, टला बड़ा हादसा

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

उज्जैन- मध्यप्रदेश में शुरू हुई ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन’ सेवा की एक बस मंगलवार को इंदौर रोड पर अचानक आग की लपटों में घिर गई। उज्जैन से इंदौर जा रही बस में अचानक आग भड़कने से यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बस धू-धूकर जलने लगी और कुछ ही देर में वाहन जलकर राख हो गया।

गनीमत रही कि आग विकराल रूप लेने से पहले यात्रियों को बस से बाहर निकाल लिया गया। समय पर हुई इस कवायद ने कई जिंदगियां बचा लीं। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

नई सेवा, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल

घटना ने प्रदेश में हाल ही में शुरू की गई सार्वजनिक परिवहन सेवा की सुरक्षा व्यवस्था और बसों के रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर चलती बस में अचानक आग कैसे लगी? क्या बस की तकनीकी जांच और फिटनेस की समुचित जांच की गई थी? क्या वाहन में अग्निशमन उपकरण और आपात स्थिति से निपटने के पर्याप्त इंतजाम थे?

आग का कारण अब भी रहस्य

फिलहाल बस में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित स्तर पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में यह भी स्पष्ट होगा कि आग तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से लगी।

नई परिवहन सेवा की बस का इस तरह आग के हवाले होना महज एक हादसा नहीं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की गंभीर पड़ताल का विषय बन गया है।

Related Articles

Back to top button