Blogप्रशासनमध्यप्रदेश

प्रदेश में आज एक लाख से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान, ‘स्वच्छता अभियान 6.0’ के तहत केंद्रों से लेकर महिला आश्रय गृहों तक होंगी विशेष गतिविधियां, पौधरोपण और कचरा प्रबंधन पर भी रहेगा जोर

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- प्रदेश में 30 अक्टूबर को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर एक दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्देशानुसार विशेष अभियान 6.0 के तहत प्रदेश के एक लाख से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों सहित बाल देखरेख संस्थाओं, वन स्टॉप सेंटर, सखी निवास और शक्ति सदन में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य विभागीय संस्थाओं को स्वच्छ, सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाना है।

अभियान के दौरान मिशन सक्षम

आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 के अंतर्गत संचालित जिला एवं परियोजना कार्यालयों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में विशेष साफ-सफाई की जाएगी। केंद्रों और कार्यालयों के सौंदर्यीकरण के लिए रंग-रोगन, आकर्षक वॉल पेंटिंग, आवश्यक मरम्मत तथा बुनियादी सुविधाओं के उन्नयन पर ध्यान दिया जाएगा। साथ ही अनुपयोगी स्थानों को व्यवस्थित कर उपलब्ध परिसर का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

पौधरोपण और कचरा प्रबंधन पर भी जोर

स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए संस्थागत परिसरों में पौधरोपण, जैविक कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन तथा इलेक्ट्रॉनिक कचरे के संग्रहण, पृथक्करण और सुरक्षित निपटान की गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।

वहीं, मिशन शक्ति एवं मिशन वात्सल्य के अंतर्गत संचालित बाल देखरेख संस्थाओं, वन स्टॉप सेंटर, सखी निवास और शक्ति सदन में पानी की टंकियों की सफाई, शौचालयों का सैनिटाइजेशन, खिड़कियों की जालियों तथा पूरे संस्थागत परिसर की विशेष साफ-सफाई की जाएगी। बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चित्रकला और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। अभियान में बेहतर योगदान देने वाले सफाई मित्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा।

जनसमस्या निवारण दिवस के रूप में भी मनेगा 30 अक्टूबर

विशेष स्वच्छता अभियान के साथ ही 30 अक्टूबर को राज्य में जनसमस्या निवारण दिवस भी मनाया जाएगा। इस दौरान पोषण सेवाओं और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से संबंधित शिकायतों के अधिकतम निराकरण पर विशेष जोर रहेगा, ताकि महिलाओं, बच्चों और पात्र हितग्राहियों को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर और सुगमता से मिल सके।

पोर्टल पर अपलोड करनी होगी गतिविधियों की जानकारी

अभियान की प्रभावी निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित संस्थाओं को स्वच्छता कार्यों के पहले और बाद के छायाचित्र लेने तथा आयोजित गतिविधियों का विवरण संबंधित पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे अभियान की प्रगति और स्वच्छता कार्यों के परिणामों का आकलन किया जा सकेगा।

Related Articles

Back to top button