प्रशासनमध्यप्रदेश

नल-जल में लापरवाही की तो ब्लैकलिस्ट होंगे ठेकेदार!, कलेक्टर श्री आशीष तिवारी का अल्टीमेटम, दिसंबर तक हर योजना करो पूरी, वरना कार्रवाई तय

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- हर घर तक नल से पानी पहुंचाने की सरकार की प्राथमिकता को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जल जीवन मिशन और मध्यप्रदेश जल निगम की संचालित एवं निर्माणाधीन जल प्रदाय योजनाओं की समीक्षा करते हुए दो टूक कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य में रुचि नहीं लेने और निर्धारित समय पर काम पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के तहत चल रहे सभी कार्यों की नियमित निगरानी और समीक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि योजनाएं निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरी होकर ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित हो सकें। उन्होंने सभी प्रगतिरत योजनाओं को दिसंबर 2026 तक पूर्ण कर ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए।

523 योजनाएं पूर्ण, 423 पंचायतों को हस्तांतरण

बैठक में बताया गया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में 523 जल प्रदाय योजनाओं का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इनमें 400 योजनाएं हर घर जल सर्टिफाइड तथा 523 योजनाएं हर घर जल रिपोर्टेड घोषित की गई हैं। अब तक 423 योजनाएं ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित की जा चुकी हैं।

ग्राम सभा में होगा योजनाओं का हस्तांतरण

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पूर्ण नल-जल योजनाओं का संबंधित ग्राम पंचायतों को ग्राम सभा आयोजित कर समारोहपूर्वक हस्तांतरण किया जाए। इससे ग्रामीणों को योजना के हस्तांतरण की जानकारी मिलेगी और योजना के संचालन एवं संधारण में ग्रामवासियों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सकेगी।

तीन पंचायतों में कोताही, कंपनी पर गिरी गाज

जल प्रदाय योजनाओं की समीक्षा के दौरान विकासखंड बहोरीबंद की बचैया, भगनवारा और तेवरी ग्राम पंचायतों में कार्यों में कोताही सामने आने पर कलेक्टर ने भोपाल की मेसर्स नेटलिंक सॉफ्टवेयर कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जल जीवन मिशन के कार्यों में गुणवत्ता, समय-सीमा और जवाबदेही से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को ठेकेदारों के कार्यों की सतत निगरानी कर लापरवाही सामने आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, अतिरिक्त सीईओ श्री अनुराग मोदी, पीएचई के कार्यपालन यंत्री श्री पवनसुत गुप्ता, सुश्री सुनीता द्विवेदी, सभी जनपद पंचायतों के सीईओ, जल निगम के अधिकारी तथा पीएचई के सहायक यंत्री एवं उपयंत्री उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button