कटनी- जिले के बरही में बहुप्रतीक्षित बायपास निर्माण की प्रक्रिया ने अब रफ्तार पकड़ ली है। बायपास निर्माण के लिए तीन गांवों की कुल 12.285 हेक्टेयर निजी भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर आशीष तिवारी ने भूमि अर्जन की प्रारंभिक अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना जारी होने के साथ ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया औपचारिक रूप से आगे बढ़ गई है।
जारी अधिसूचना के अनुसार, बायपास निर्माण के लिए ग्राम बरही की 7.525 हेक्टेयर, ग्राम बुजबुजा की 1.140 हेक्टेयर और ग्राम खन्ना बंजारी की 3.620 हेक्टेयर निजी भूमि अर्जित की जाएगी। यह अधिसूचना भूमि अर्जन, पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013 की धारा 11 (1) के तहत जारी की गई है।
60 दिनों में दर्ज करा सकेंगे आपत्ति
भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के तहत प्रभावित भूमि स्वामियों और अन्य इच्छुक व्यक्तियों को अपनी आपत्ति प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है। अधिनियम की धारा 15 के प्रावधानों के अनुसार अधिसूचना के प्रकाशन की तारीख से 60 दिनों के भीतर कलेक्टर के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। निर्धारित अवधि में प्राप्त आपत्तियों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा।
कलेक्टर की अनुमति के बिना नहीं होगा क्रय-विक्रय
प्रारंभिक अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि अधिनियम की धारा 11 (4) के तहत कलेक्टर की पूर्व अनुमति के बिना अधिसूचित भूमि का क्रय-विक्रय अथवा किसी अन्य प्रकार का संव्यवहार नहीं किया जा सकेगा। वहीं अधिग्रहित की जाने वाली भूमि के नक्शे एवं रेखांकन कार्यालय कलेक्टर कटनी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं भू-अर्जन अधिकारी विजयराघवगढ़ तथा लोक निर्माण विभाग संभाग कटनी में कार्यालयीन समय के दौरान देखे जा सकेंगे।
इसके अलावा अधिनियम की धारा 12 के तहत लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबंधित भूमि में प्रवेश कर सर्वेक्षण, भूमि का स्तर लेने और आवश्यक तकनीकी जांच करने के लिए अधिकृत किया गया है। अब आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होने और नियमानुसार आगामी कार्रवाई के बाद बरही बायपास निर्माण की दिशा में अगला कदम बढ़ेगा।