मध्यप्रदेशराजनीति

मंडलों की नब्ज टटोलने निकले युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष पारस जैन, उमरियापान-ढीमरखेड़ा में कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत, दो दर्जन युवाओं ने ग्रहण की सदस्यता

जनलोक टाईम्स से सोनू त्रिपाठी की रिपोर्ट

उमरियापान/ढीमरखेड़ा- भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष पारस जैन ने जिले में संगठन को मजबूत करने और युवाओं को जोड़ने की कवायद तेज कर दी है। करीब तीन माह से मंडल एवं जिला स्तर पर नई कार्यकारिणियों के गठन का इंतजार कर रहे कार्यकर्ताओं के बीच अब संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। इसी क्रम में बुधवार, 18 नवंबर को जिलाध्यक्ष पारस जैन ने बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के उमरियापान और ढीमरखेड़ा मंडलों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से संवाद किया।

दौरे की शुरुआत दोपहर 12 बजे उमरियापान मंडल से हुई। यहां युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष पारस जैन का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान आयोजित संगठनात्मक बैठक में युवाओं की भूमिका, संगठन की मजबूती और आगामी गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई। बैठक के दौरान करीब दो दर्जन युवाओं ने पारस जैन के सानिध्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा की सदस्यता ग्रहण कर संगठन से जुड़ने का संकल्प लिया।

इसके बाद शाम 4 बजे जिलाध्यक्ष ढीमरखेड़ा मंडल पहुंचे। यहां भी कार्यकर्ताओं और युवाओं ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया। मंडल प्रवास के दौरान संगठन की गतिविधियों को गति देने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर बढ़ी उत्सुकता

पारस जैन का यह मंडल प्रवास केवल स्वागत और औपचारिक बैठकों तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे संगठन के आगामी विस्तार की महत्वपूर्ण कवायद के रूप में देखा जा रहा है। लगभग तीन माह से मंडल और जिला स्तर पर नई कार्यकारिणियों के गठन की प्रतीक्षा कर रहे कार्यकर्ताओं की निगाहें अब जिलाध्यक्ष की सक्रियता और उनके संगठनात्मक दौरों पर टिकी हैं।

मंडलों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करना, संगठन की जमीनी स्थिति समझना और नए युवाओं को जोड़ना आगामी कार्यकारिणी गठन की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अब राजनीतिक गलियारों और संगठन के भीतर सबसे अधिक चर्चा इस बात को लेकर है कि नई कार्यकारिणियों में किन चेहरों को स्थान मिलेगा और संगठन की जिम्मेदारी किन सक्रिय एवं समर्पित युवाओं को सौंपी जाएगी।

फिलहाल जिलाध्यक्ष पारस जैन के मंडल प्रवास से युवा मोर्चा में नई ऊर्जा और संगठन विस्तार की गतिविधियों को लेकर हलचल तेज होती दिखाई दे रही है।

Related Articles

Back to top button