छिंदवाड़ा- मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के दमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य व्यवस्था को सवालों के घेरे में खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। यहां सामान्य प्रसव के बाद प्रसूता के शरीर के अंदर सफाई में इस्तेमाल किए गए पैड, पेपर और कपड़े के कुछ हिस्से छूट जाने का आरोप लगा है। कथित लापरवाही के चलते महिला को चार दिनों तक असहनीय दर्द और परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, महिला की 11 नवंबर को दमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सामान्य डिलीवरी हुई थी। आरोप है कि प्रसव के बाद सफाई के दौरान इस्तेमाल किए गए पैड, पेपर और कपड़े का कुछ हिस्सा महिला के शरीर के अंदर ही रह गया। इसके बाद महिला को लगातार चार दिनों तक शौच नहीं हुआ। पेट में तेज दर्द और भारीपन की शिकायत भी बनी रही।
14 नवंबर को स्थिति उस समय गंभीर हो गई, जब बाथरूम जाने के दौरान महिला के शरीर से कपड़े और अन्य सामग्री का एक टुकड़ा बाहर निकला। इसके बाद परिजनों को प्रसव के दौरान हुई कथित लापरवाही का अंदेशा हुआ। आनन-फानन में महिला को परासिया के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के दौरान संक्रमण की आशंका जताई गई।
परिजनों ने दमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि डिस्चार्ज की प्रक्रिया के दौरान भी उन्हें सही जानकारी नहीं दी गई और महिला की परेशानी को गंभीरता से नहीं लिया गया।
नर्सिंग ऑफिसर पर कार्रवाई, जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित नर्सिंग ऑफिसर सुजाता पाटिल को उनके पद से हटाते हुए उनकी ड्यूटी में बदलाव किया है। साथ ही उन्हें शोकॉज नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने सरकारी अस्पतालों में प्रसव के बाद महिलाओं की देखभाल, स्वच्छता और डिस्चार्ज से पहले आवश्यक चिकित्सकीय जांच की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें जांच रिपोर्ट और स्वास्थ्य विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।