भोपाल- मध्यप्रदेश पुलिस के 7 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपराधों के अन्वेषण और फॉरेंसिक साइंस के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रतिष्ठित ‘केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक’ से सम्मानित किया गया है। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को प्रदान किए गए इस सम्मान में अन्वेषण के क्षेत्र से छह तथा फॉरेंसिक साइंस के क्षेत्र से एक अधिकारी शामिल हैं।
पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश कैलाश मकवाणा ने पदक प्राप्त करने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान अधिकारियों-कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और व्यावसायिक दक्षता का प्रमाण है। उनकी यह उपलब्धि संपूर्ण मध्यप्रदेश पुलिस के लिए गौरव का विषय है।
इन छह अधिकारियों को अन्वेषण के क्षेत्र में मिला सम्मान
अन्वेषण के क्षेत्र में सम्मानित होने वालों में उप पुलिस अधीक्षक जमील उद्दीन सिद्दीकी (जिला गुना), कार्यवाहक निरीक्षक प्रदीप कुमार राय (जिला देवास), उप निरीक्षक योगिता जैन (थाना शाहजहांनाबाद, भोपाल), उप निरीक्षक सरोज मुबेल (जिला खंडवा), उप निरीक्षक रमन शर्मा (अपराध शाखा, भोपाल) तथा उप निरीक्षक विष्णु दयाल जोशी (जिला रतलाम) शामिल हैं।
फॉरेंसिक साइंस में कैलाश चंद्र को मिला पदक
फॉरेंसिक साइंस के क्षेत्र में क्षेत्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (RFSL), भोपाल के वैज्ञानिक अधिकारी कैलाश चंद्र को उत्कृष्ट कार्यों के लिए केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक से सम्मानित किया गया है।
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा अपराधों की विवेचना में गुणवत्ता, पारदर्शिता और वैज्ञानिक साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग पर लगातार जोर दिया जा रहा है। आधुनिक तकनीक एवं फॉरेंसिक विज्ञान के माध्यम से आपराधिक मामलों के त्वरित और प्रभावी निराकरण के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस विभाग का मानना है कि इस प्रतिष्ठित सम्मान से पुलिस बल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और अन्य पुलिसकर्मी भी अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होंगे।