प्रशासनमध्यप्रदेश

कटनी कटाएघाट मेला मैदान में कल होगा मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह समारोह, निगमायुक्त ने सौंपी अधिकारियों को जिम्मेदारियां

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह’ एवं निकाह योजना के अंतर्गत 20 नवंबर को कटाएघाट मेला मैदान में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस समारोह को सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर आदेश जारी करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभागवार जिम्मेदारियां सौंपी हैं। साथ ही सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

जारी आदेश के अनुसार समारोह की संपूर्ण व्यवस्थाओं की निगरानी एवं मार्गदर्शन का दायित्व उपायुक्त शैलेष गुप्ता एवं राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक को सौंपा गया है। वहीं पात्र वर-वधुओं के दस्तावेजों का सत्यापन, विवाह प्रमाण पत्र वितरण, परिजनों से समन्वय, बैठक व्यवस्था और भोजन सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दी गई है।

अतिथियों के स्वागत से भोजन तक की रहेगी व्यवस्था

समारोह में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी। आयोजन में शामिल होने वाले वर-वधुओं और उनके परिजनों की सुविधा के लिए पर्याप्त पेयजल, टोंटीयुक्त पानी के टैंकर एवं पेयजल स्टॉल लगाए जाएंगे। प्रत्येक जोड़े के साथ ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों के लिए भी भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा टेंट, पंडाल, शामियाना, साज-सज्जा, कुर्सियां, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम, माइक, साउंड सिस्टम और हवन बेदी की व्यवस्था की जाएगी। प्रत्येक जोड़े के लिए वरमाला, पान तथा विवाह कार्यक्रम के दौरान चाय की व्यवस्था भी रहेगी।

सुरक्षा और स्वच्छता पर भी रहेगा विशेष फोकस

आयोजन स्थल पर अग्निशमन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की जिम्मेदारी अग्निशमन विभाग को सौंपी गई है। वहीं कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के पहुंच मार्गों पर विशेष साफ-सफाई, चूने की लाइनिंग, फॉगिंग और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जाएगा। आवारा पशुओं के नियंत्रण, डस्टबिन की उपलब्धता तथा कार्यक्रम स्थल पर बैंड की व्यवस्था के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने और तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि समारोह में शामिल होने वाले हितग्राहियों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सामूहिक विवाह एवं निकाह कार्यक्रम गरिमापूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो।

Related Articles

Back to top button