जबलपुर- जिले के खजरी खिरिया बायपास स्थित एक टायर गोदाम में बुधवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम से उठता काले धुएं का घना गुबार और आग की ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं। टायरों में लगी आग के कारण घना धुआं फैलने से आग बुझाने के कार्य में भी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन और आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी।