मध्यप्रदेश

शहीद TI दिलीप पुरी गोस्वामी को कुचलने वाले आईसर वाहन चालक का शॉर्ट एनकाउंटर, अभिरक्षा से भागने की कोशिश के बाद पुलिस से हुई मुठभेड़

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी

देवास- अवैध शराब तस्करी रोकने के दौरान थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी को आईसर वाहन से कुचलकर मौत के घाट उतारने वाले आरोपी चालक के खिलाफ देवास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले के आरोपी गजेन्द्र उर्फ अक्कू का शॉर्ट एनकाउंटर किया है। मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी गजेन्द्र उर्फ अक्कू को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस अभिरक्षा में रखा गया था। इसी दौरान उसने पुलिस गिरफ्त से भागने का प्रयास किया। इसके बाद थाना बरोठा क्षेत्र में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया।

गौरतलब है कि देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब तस्करी रोकने के लिए पुलिस टीम कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान आईसर वाहन की चपेट में आने से थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी।

मामले में दो वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा अलग-अलग 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अब आरोपी चालक गजेन्द्र उर्फ अक्कू के शॉर्ट एनकाउंटर के बाद देवास पुलिस की कार्रवाई चर्चा में है।

Related Articles

Back to top button