Blog

शिवपुरी में एसपी बंगले से 200 मीटर दूर बैंक लूटने पहुंचे हथियारबंद बदमाश, CCTV में कैद हुई वारदात

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी

शिवपुरी- शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और बैंक सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। एसपी बंगले से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में गुरुवार शाम करीब 7 बजे तीन हथियारबंद बदमाशों ने लूट की कोशिश की। दो बदमाश पिस्टल लेकर बैंक के अंदर घुसे और कर्मचारियों को धमकाते हुए कैश की मांग की, जबकि उनका तीसरा साथी बैंक के बाहर पहरेदारी करता रहा। हालांकि, बैंक का कामकाज बंद हो जाने और मैनेजर के चाबी लेकर चले जाने की बात सामने आने पर बदमाश बिना नकदी लिए ही फरार हो गए। पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

पिस्टल दिखाकर कर्मचारियों को धमकाया

जानकारी के अनुसार, तीनों बदमाश बाइक से बैंक पहुंचे थे। इनमें से दो नकाबपोश बदमाश बैंक के अंदर दाखिल हुए और स्टाफ को पिस्टल दिखाकर डराने लगे। बदमाशों ने कर्मचारियों से कैश मांगा। इस पर बैंक स्टाफ ने उन्हें बताया कि बैंक का कामकाज बंद हो चुका है और मैनेजर चाबी लेकर जा चुके हैं। इसके बाद बदमाशों को खाली हाथ लौटना पड़ा। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी करीब पांच मिनट तक बैंक में रहे। वारदात के बाद तीनों एक ही बाइक से मौके से फरार हो गए। नकाब पहने होने के कारण बैंक कर्मचारी आरोपियों के चेहरे नहीं पहचान सके।

CCTV में कैद हुए पिस्टलधारी बदमाश

बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में दो बदमाशों के हथियार लेकर अंदर घुसने की तस्वीरें सामने आई हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। घटना के बाद बैंक कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।

16 अक्टूबर को भी हुई थी चोरी की कोशिश

इस मामले में सबसे गंभीर पहलू यह है कि इसी बैंक में 16 अक्टूबर की रात भी अज्ञात लोगों ने चोरी का प्रयास किया था। बैंक प्रबंधन ने उस घटना की शिकायत पुलिस से की थी। बताया जा रहा है कि पिछली घटना की जांच पूरी होने से पहले ही बदमाशों ने दोबारा बैंक को निशाना बनाने की कोशिश की। लगातार हुई इन घटनाओं ने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति, एसडीओपी सचिन धुर्वे और कोतवाली थाना प्रभारी पुनीत कुमार बाजपेई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधन और कर्मचारियों से पूछताछ कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

शहर के बीच बाजार में और एसपी बंगले के इतने करीब स्थित बैंक में हथियारबंद बदमाशों के पहुंचने की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, बैंक में सुरक्षा के लिए कोई गार्ड भी तैनात नहीं था। ऐसे में सवाल उठता है कि जब शहर के प्रमुख इलाके में स्थित बैंक ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था कितनी मजबूत है? अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों को कितनी जल्दी गिरफ्तार कर पाती है और बैंक सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।

Related Articles

Back to top button