मध्यप्रदेश

जबलपुर पुलिस ने स्टंटबाजी करने वालों पर कसा सिकंजा, 5 वाहन मालिकों और चालकों पर केस दर्ज, 3 कारें भी जब्त

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- सोशल मीडिया पर तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से कार चलाते हुए स्टंटबाजी का वीडियो वायरल होने के बाद जबलपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। कारों की खिड़कियों से बाहर लटककर हॉर्न बजाने और सड़क पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के मामले में पुलिस ने पांच वाहनों के मालिकों और चालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान तीन कारें भी जब्त की गई हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने वायरल वीडियो के आधार पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में 28 अक्टूबर 2026 को सामने आए वीडियो की जांच के बाद बेलबाग थाना पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई की।

दुकानदारों और स्थानीय लोगों से जुटाई जानकारी

वायरल वीडियो की जांच के दौरान पुलिस ने पहले यह पुष्टि की कि घटना जबलपुर के बेलबाग थाना क्षेत्र की है। इसके लिए आसपास की दुकानों से जानकारी जुटाई गई और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। घटनास्थल की पुष्टि होने के बाद वीडियो में दिखाई दे रहे वाहनों और उनके चालकों की पहचान की गई।

पांच वाहनों के मालिकों और चालकों पर कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, मामले में मारुति फ्रॉन्क्स कार क्रमांक MP 20 ZP 2660 के मालिक अभिजीत जाट और चालक गौरव उर्फ प्रिंस विश्वकर्मा, मारुति फ्रॉन्क्स MP 20 ZJ 2375 के मालिक श्रीराम जाट और चालक पीयूष जाट तथा काले रंग की थार MP 20 ZX 9124 की मालिक मीनाक्षी जाट और चालक सत्यजीत जाट के नाम सामने आए हैं।

इसके अलावा स्विफ्ट कार क्रमांक MP 20 ZD 3437 और फॉर्च्यूनर कार क्रमांक MP 20 CF 2710 के चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने पांचों वाहनों से संबंधित मालिकों और चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 66(1)/192(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

तीन कारें जब्त, जांच जारी

पुलिस ने स्टंटबाजी की घटना में इस्तेमाल की गई मारुति फ्रॉन्क्स MP 20 ZJ 2375, थार MP 20 ZX 9124 और मारुति फ्रॉन्क्स MP 20 ZP 2660 को जब्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

पुलिस की दोटूक चेतावनी

जबलपुर पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना वाहन चालक के साथ-साथ राहगीरों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button