प्रशासनमध्यप्रदेश

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों का कलेक्टर-SP और निगमायुक्त ने पैदल किया निरीक्षण, 20 अक्टूबर को निकलेगा विसर्जन चल समारोह, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन के लिए प्रशासन अलर्ट

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- दुर्गा प्रतिमा विसर्जन चल समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा और निगमायुक्त तपस्या परिहार ने शहर के प्रमुख मार्गों का पैदल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 20 अक्टूबर को होने वाले विसर्जन चल समारोह को लेकर अधिकारियों ने विसर्जन मार्ग की स्थिति देखी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पंचमुखी हनुमान मंदिर, स्टेशन रोड से लेकर सुभाष चौक, झंडा बाजार, सुक्खन चौक, लक्ष्मी नारायण मंदिर, शेर चौक और आजाद चौक होते हुए गाटर घाट तक के मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान विसर्जन मार्ग पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराने की तैयारियों पर ध्यान दिया गया।

प्रशासन का उद्देश्य विसर्जन चल समारोह के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को व्यवस्थित बनाए रखना है, ताकि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

Related Articles

Back to top button