उज्जैन- उज्जैन में धार्मिक आस्था से जुड़ी घटनाएं इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई हैं। सराफा बाजार स्थित प्राचीन खड़े हनुमान की प्रतिमा को कई प्रयासों के बावजूद अपने स्थान से न हिला पाने की घटना के बाद अब ताजपुर तहसील के माता का चोपड़ा स्थित प्राचीन गणेश मंदिर से प्रतिमा की आंखों से ‘आंसू’ निकलने का दावा सामने आया है। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि शनिवार को गणेश प्रतिमा की एक आंख से आंसू जैसा तरल पदार्थ निकलता दिखाई दिया। खबर फैलते ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई और पूजा-पाठ के साथ महाआरती की गई। ग्रामीणों के अनुसार, गणेश प्रतिमा को चोला चढ़ाने के बाद आंख से निकल रहा तरल पदार्थ बंद हो गया। ग्रामीणों का दावा है कि यह प्राचीन मंदिर करीब 700 से 800 वर्ष पुराना है। हालांकि वायरल वीडियो और घटना की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
इस घटना के बीच उज्जैन के सराफा बाजार स्थित खड़े हनुमान मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। प्रतिमा के अपने स्थान से नहीं हिलने से जुड़े वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। दोनों घटनाओं को लेकर श्रद्धालुओं में आस्था और कौतूहल का माहौल बना हुआ है।