Blogमध्यप्रदेश

2 से 10 अक्टूबर तक कटनी जिलेभर में ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत आयोजित होगी 14 तरह की गतिविधियां, कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने नोडल अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में 2 से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिलेभर में 14 चिन्हित सेवा गतिविधियों का चरणबद्ध आयोजन किया जाएगा। गतिविधियों के प्रभावी संचालन के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने विभागवार नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

अभियान के तहत रक्तदान शिविर, अनाथालय एवं वृद्धाश्रम भ्रमण, वृक्षारोपण, स्वच्छता ही सेवा, स्वास्थ्य जांच, योग एवं ध्यान, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, प्लास्टिक-मुक्त जागरूकता, कैरियर काउन्सलिंग, नशा-मुक्त भारत जागरूकता, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, सड़क सुरक्षा जागरूकता, फिट इंडिया खेल सत्र तथा दिव्यांगजन सहयोग जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।

विभागवार सौंपी गई जिम्मेदारियां

रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर की जिम्मेदारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दी गई है। अनाथालय एवं वृद्धाश्रम भ्रमण, नशा-मुक्त भारत जागरूकता तथा दिव्यांगजन सहयोग गतिविधियों के लिए उप संचालक सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग को नोडल बनाया गया है।

वृक्षारोपण के लिए वन मंडलाधिकारी, स्वच्छता एवं प्लास्टिक-मुक्त जागरूकता के लिए उपायुक्त नगर निगम एवं सीईओ जनपद पंचायत, जबकि योग एवं ध्यान सत्र के लिए जिला आयुष अधिकारी जिम्मेदार होंगे। महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा पोषण-एनीमिया जागरूकता की जिम्मेदारी जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग को सौंपी गई है।

कैरियर काउन्सलिंग के लिए जिला शिक्षा अधिकारी एवं अग्रणी तिलक महाविद्यालय के प्राचार्य, सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी तथा फिट इंडिया खेल सत्र के लिए जिला खेल अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश

कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने सभी नियुक्त नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चिन्हित गतिविधियों के संबंध में विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर जिला पंचायत कार्यालय में उपलब्ध कराएं। इसका उद्देश्य 2 से 10 अक्टूबर तक होने वाली सभी सेवा गतिविधियों का व्यवस्थित, समन्वित और प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करना है।

Related Articles

Back to top button