Blog

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश ने लिखी विकास की नई इबारत : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

वंदे भारत से एक्सप्रेसवे तक, महाकाल लोक से चीतों के संरक्षण तक प्रदेश को मिली नई पहचान; 2028 के सिंहस्थ महाकुंभ की तैयारियों को बताया विकास का महत्वपूर्ण पड़ाव

भोपाल- मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रदेशवासियों को भेजे गए शुभकामना संदेश पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हृदय से आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में मध्यप्रदेश ने विकास, अधोसंरचना, सांस्कृतिक गौरव और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री का कार्यकाल मध्यप्रदेश के लिए स्वर्णिम युग के रूप में याद किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि पीएम गति शक्ति, वंदे भारत ट्रेन, एक्सप्रेसवे, औद्योगिक कॉरिडोर, मेट्रो रेल और आधुनिक एयरपोर्ट जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं ने मध्यप्रदेश की तस्वीर बदलने के साथ विकास को नई गति प्रदान की है। वहीं, नक्सलवाद से मुक्ति को प्रदेश में शांति, सुरक्षा और बेहतर वातावरण की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया।

उन्होंने कहा कि नदी जोड़ो परियोजनाओं के माध्यम से सिंचाई क्षमता का विस्तार, श्री महाकाल लोक और एकात्म धाम के जरिए सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण तथा प्रदेश में चीतों के पुनर्स्थापन एवं संरक्षण के प्रयास मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिला रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने निःशुल्क खाद्यान्न सुरक्षा, समान नागरिक संहिता, नारी शक्ति वंदन और निवेश को प्रोत्साहित करने वाली नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों से प्रदेश में जनकल्याण, महिला सशक्तिकरण और आर्थिक विकास को मजबूती मिली है। वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ की तैयारियों को भी प्रदेश की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए इसे विश्वस्तरीय आयोजन बनाने के संकल्प को रेखांकित किया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के ‘वी विल डू इट’ और ‘सप्तधारा’ जैसे प्रेरणादायी मंत्रों को सामूहिक संकल्प, जनभागीदारी और विकास की भावना का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि इन्हीं विचारों को आधार बनाकर विकसित भारत के निर्माण में विकसित मध्यप्रदेश अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

अंत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुभकामना संदेश के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की विकास यात्रा को नई ऊर्जा, उत्साह और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button