Blogमध्यप्रदेश

अब ग्रामीण जन ‘नागरिक सेवा पोर्टल’ से करेंगे डिजिटल ऑनलाइन भुगतान, ई-मेल और SMS से मिलेगी तत्काल जानकारी, पंचायत दर्पण पोर्टल पर ऑनलाइन भुगतान प्राप्ति प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने दिए निर्देश

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- पंचायत दर्पण पोर्टल पर Own Source Revenue अर्थात OSR (ओएसआर) प्रबंधन अंतर्गत विकसित ऑनलाइन भुगतान प्राप्ति प्रणाली (Payment Gateway) का प्रभावी क्रियान्वयन नागरिक सेवा पोर्टल के माध्यम से किए जाने के निर्देश जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और जिले की समस्त ग्राम पंचायतों के सरपंच गण एवं ग्राम पंचायत सचिवों को दिए हैं। गौरतलब है कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा नवीन *”नागरिक सेवा पोर्टल”* अंतर्गत ऑनलाइन पेमेंट गेटवे Online Payment Gateway का प्रारंभ 14 जुलाई 2026 को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया जा चुका है। ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्थित अन्य संस्थाएं जैसे बैंक, पेट्रोल पंप, वेयरहाउस, स्कूल, कॉलेज, उद्योग आदि जिनसे कर प्राप्त किया जाता है उन्हें भी निर्धारित ऑप्शन से ग्राम पंचायतों द्वारा पंजीकृत कर टैक्सेशन की कार्रवाई की जाएगी। जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने जिले की शत प्रतिशत ग्राम पंचायतों में अनिवार्य रूप से प्रयोग में लाने हेतु पंचायत दर्पण पोर्टल पर स्वयं की लॉगिन आईडी से चरणबद्ध पालन सुनिश्चित किए जाने के निर्देश सर्व संबंधितों को दिए है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार विकल्प जैसे UPI ( PhonPe, Google Pay,BHIM आदि) डेबिट कार्ड क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग चुनकर भुगतान पूर्ण कर रसीद प्राप्त कर सकेंगे। इसके बाद उन्हें भुगतान का अधिकृत ई-मेल एवं SMS भी प्राप्त होगा। ग्रामीण जन उक्त सेवा का उपयोग एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर भी कर सकते हैं।

इसके अतिरिक्त नागरिक सेवा पोर्टल पर ग्रामीण नागरिकों हेतु अन्य सुविधाएं जैसे निजी भूमि पर वृक्ष काटने/गिराने की अनुमति, भवन अनुज्ञा, संपत्ति कर संबंधी विवरण, शिकायत एवं फीडबैक आदि की सुविधा भी उपलब्ध है। भविष्य में समस्त ग्रामीण नागरिक सेवाएं भी इसी पोर्टल के अंतर्गत उपलब्ध होगी। जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने विश्वास जताया है कि समस्त ग्राम पंचायतें *नागरिक सेवा पोर्टल* एवं Online Payment Gateway को शतप्रतिशत प्रयोग में लाते हुए OSR संबंधी अनुसरण करेगी तथा 16वें वित्त आयोग अनुदान की परफॉर्मेंस ग्रांट प्राप्त करेंगी।

Related Articles

Back to top button