Blog

दतिया उपचुनाव में हार के बाद बीजेपी का बड़ा एक्शन! पूरी जिला कार्यकारिणी भंग, जिलाध्यक्ष से लेकर मंडल-मोर्चा तक सभी पदाधिकारी तत्काल प्रभाव से पदमुक्त

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक कदम उठाते हुए जिले की पूरी वर्तमान संगठनात्मक इकाइयों को भंग कर दिया है। पार्टी के इस फैसले के बाद जिलाध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति, मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प एवं विभिन्न विभागों से जुड़े पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया गया है।

पार्टी द्वारा जारी संगठनात्मक आदेश के अनुसार दतिया जिले में वर्तमान जिला संगठन की सभी इकाइयों को समाप्त करते हुए नए सिरे से संगठनात्मक ढांचा तैयार किए जाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उपचुनाव में हार के बाद बीजेपी के इस फैसले को संगठन में बड़े बदलाव और जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

राजनीतिक गलियारों में इस कार्रवाई को उपचुनाव के नतीजों के बाद संगठन की कार्यप्रणाली की समीक्षा और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए किए गए बड़े फेरबदल के रूप में देखा जा रहा है। पूरे जिला संगठन को एक साथ पदमुक्त किए जाने से पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं में हलचल तेज हो गई है।

अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि बीजेपी दतिया में नए संगठनात्मक ढांचे की घोषणा कब करती है और नई टीम में किन नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाती है।

Related Articles

Back to top button