1,463 शिकायतों का 89.45 प्रतिशत वेटेज के साथ निराकरण, सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर की सतत निगरानी का दिखा असर
कटनी- सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण में जिला पंचायत कटनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर की ग्रेडिंग में ‘ए’ ग्रेड हासिल किया है। प्रथम समूह में सातवां स्थान प्राप्त करते हुए जिला पंचायत कटनी ने प्रदेश के टॉप-10 जिलों में अपनी जगह बनाई है।
राज्य स्तर पर जारी ग्रेडिंग के अनुसार, जुलाई माह में जिला पंचायत कटनी को प्राप्त 1,463 शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करते हुए 89.45 प्रतिशत वेटेज अर्जित किया गया। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जिला पंचायत कटनी को ‘ए’ ग्रेड प्रदान किया गया।
जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर की सतत निगरानी, पर्यवेक्षण और अनुश्रवण के चलते सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल हुई है।
सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने सीएम हेल्पलाइन का कार्य देख रहे अधिकारियों और कर्मचारियों के परिश्रम एवं निष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि आगे भी आमजन की शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता का प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके।