कटनी- ग्राम पंचायत उमरियापान में विभिन्न निर्माण कार्यों की सामग्री एवं मजदूरी का भुगतान समय पर नहीं किए जाने के मामले में जिला पंचायत कटनी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरिसमरनप्रीत कौर ने पंचायत सचिव राजकुमार पटेल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में निर्माण कार्यों से संबंधित कुल 11 लाख 93 हजार रुपए की भुगतान योग्य राशि लंबित होने का उल्लेख किया गया है।
नोटिस के अनुसार, सरपंच अटल ब्होहार द्वारा शिकायत के माध्यम से बताया गया था कि भुगतान में अनावश्यक देरी के कारण सामग्री देने वालों एवं मजदूरों में रोष है और लंबित भुगतान के चलते पंचायत के अन्य निर्माण कार्य भी प्रारंभ नहीं हो पा रहे हैं। लंबित राशि में स्तंभ ग्राम गौरव पट्टिका निर्माण के 56 हजार, गौण खनिज बैठक कक्ष के 58 हजार, मुख्य मार्ग से जगदीश मंदिर की ओर रोड निर्माण के 4.10 लाख, नवीन बस स्टैंड नाली एवं सीसी रोड के 1.75 लाख, सीसी रोड निर्माण के 3 लाख तथा सीसी रोड हनुमान मंदिर से मुन्ना लहगेरा के घर की ओर 1.94 लाख रुपए शामिल हैं। वही क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि बिना मुलायकंन के सचिव पर पैसे भुगतान करने का दबाव बनाया जा रहा है।
जिला पंचायत CEO ने नोटिस में सचिव के कार्य को प्रथम दृष्टया कर्तव्य के प्रति उदासीनता बताते हुए मध्यप्रदेश पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 के प्रावधानों का हवाला दिया है। सचिव को निर्देशित किया गया है कि नोटिस प्राप्ति के 3 दिवस के भीतर अधोहस्ताक्षरकर्ता के समक्ष उपस्थित होकर आरोपों के संबंध में अपना पक्ष एवं प्रमाण प्रस्तुत करें। समय पर जवाब प्रस्तुत नहीं करने अथवा समाधान कारक उत्तर नहीं मिलने की स्थिति में नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।