मध्यप्रदेश

एमपी के छतरपुर में पंचायत उपचुनाव में दबंगई! रिटर्निंग ऑफिसर-पुलिस की मौजूदगी में नामांकन फॉर्म छीनकर कार से भागे बदमाश, रोकने पर बाबू को कुचलने का प्रयास

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

दोबारा भरवाया गया महिला प्रत्याशी का नामांकन, छतरपुर/राजनगर- मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के जनपद पंचायत राजनगर में सरपंच उपचुनाव के नामांकन के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ लोग एक महिला प्रत्याशी का नामांकन फॉर्म बाबू के हाथ से छीनकर चार पहिया वाहन से फरार हो गए। घटना जनपद पंचायत कार्यालय परिसर में रिटर्निंग ऑफिसर और पुलिस बल की मौजूदगी में हुई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग नामांकन फॉर्म लेकर भागते और उनके पीछे लोग दौड़ते नजर आ रहे हैं।

महिला प्रत्याशी नामांकन जमा करने पहुंची थी

ग्राम पंचायत सीलोन में सरपंच पद के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है। जनवरी माह में तत्कालीन महिला सरपंच सोना रैकवार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद पिंकी रैकवार कार्यवाहक सरपंच के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही थीं। उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू होने पर दशोदा यादव पति कालका यादव मंगलवार को अपना नामांकन फॉर्म जमा करने जनपद पंचायत राजनगर पहुंचीं।

नामांकन फॉर्म की जांच के लिए आवेदन संबंधित बाबू हरिनारायण कोरी के पास था। इसी दौरान पहले से मौजूद कुछ लोगों ने अचानक उनके हाथ से नामांकन फॉर्म छीन लिया और कार्यालय परिसर से बाहर निकलकर सफेद रंग की चार पहिया कार में सवार होकर फरार हो गए।

बाबू ने रोकने की कोशिश की, वाहन से कुचलने का प्रयास

फॉर्म लेकर भाग रहे लोगों को रोकने के लिए बाबू हरिनारायण कोरी ने वाहन का पीछा किया। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी कार को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान वाहन चालक ने उन्हें वाहन से कुचलने का प्रयास किया। पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और चर्चा में आ गया है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना ने पंचायत उपचुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्याशी दशोदा यादव ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान रिटर्निंग ऑफिसर और पुलिस बल मौजूद था, इसके बावजूद कुछ लोगों ने अधिकारी के सामने ही नामांकन फॉर्म छीन लिया और वाहन से फरार हो गए।

दोबारा भरवाया गया नामांकन फॉर्म

राजनगर के रिटर्निंग ऑफिसर एवं तहसीलदार धीरज गौतम ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन की अंतिम तिथि थी। बाबू के हाथ से फॉर्म छीने जाने की घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। कलेक्टर के निर्देश पर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि महिला अभ्यर्थी का नामांकन फॉर्म दोबारा भरवा दिया गया है।

वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

राजनगर थाना प्रभारी माधव शर्मा के अनुसार घटना का वीडियो पुलिस को मिला है। वीडियो के आधार पर घटना में शामिल लोगों और वाहन की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के बाद उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से राजनगर क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button