प्रशासनमध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने किया विजयराघवगढ़ संयुक्त तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण, लंबित राजस्व प्रकरण समय-सीमा में निपटाने के दिए सख्त निर्देश, जनता के काम में देरी नहीं होगी बर्दाश्त

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी/विजयराघवगढ़- मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने शुक्रवार को विजयराघवगढ़ संयुक्त तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण कर राजस्व व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। कलेक्टर के अचानक तहसील पहुंचते ही अधिकारियों-कर्मचारियों में हलचल मच गई। उन्होंने सीधे नायब तहसीलदार न्यायालय पहुंचकर लंबित प्रकरणों, अभिलेखों और राजस्व कार्यों की स्थिति की बारीकी से जांच की।

नस्ती में खामियां मिलीं तो मौके पर ही खुली जवाबदेही

निरीक्षण के दौरान फर्द-बंटवारा में प्रक्रियात्मक कमियां सामने आईं। फर्द-बंटवारा एवं नक्शा प्रदर्शित नहीं किए जाने, अभिलेख में नायब तहसीलदार के हस्ताक्षर नहीं होने तथा पद-मुद्रा की सील नहीं लगी होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने एसडीएम विजयराघवगढ़ श्रीमती निधि सिंह गोहल को नायब तहसीलदार श्री प्रेमलाल चौधरी एवं रीडर श्री मोहम्मद यूसुफ सिद्दीकी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

रीडर की टेबल पर रखी नस्ती कलेक्टर ने खुद खंगाली

कलेक्टर श्री तिवारी ने रीडर की टेबल पर रखी बंटवारा नस्तियों में से एक प्रकरण स्वयं उठाकर जांचा। नस्ती में कई कमियां मिलने पर उन्होंने मौके पर ही नाराजगी जताई और अपने सामने आवश्यक कमियां दुरुस्त कराईं। तहसीलदार से जरूरी हस्ताक्षर करवाए गए तथा पद-मुद्रा की सील भी लगवाई गई।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बंटवारा सहित सभी राजस्व कार्य निर्धारित प्रक्रिया और नियमों के अनुसार ही किए जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही या प्रक्रियात्मक कमी मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

जनता को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तहसील कार्यालय पहुंचे नागरिकों से स्वयं मुलाकात कर उनके आने का कारण और समस्याएं पूछीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि लंबित राजस्व प्रकरणों को प्राथमिकता से लेते हुए समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने राजस्व अभिलेखों के व्यवस्थित, सुरक्षित एवं नियमानुसार रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया।

निरीक्षण में आला अधिकारी रहे मौजूद

औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर, वन मंडलाधिकारी श्री गर्वित गंगवार, एसडीएम विजयराघवगढ़ श्रीमती निधि सिंह गोहल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button