जबलपुर- सिहोरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर नेशनल हाईवे-30 पर मोहसाम गांव के पास कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान ग्राम खुड़ावल निवासी करण सिंह लोधी (75) और उमाशंकर लोधी (55) के रूप में हुई है। दोनों बाइक से खुड़ावल से दिनारी खम्हरिया में आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मोहसाम के पास पहुंचते ही जबलपुर की ओर से आ रही काले रंग की कार क्रमांक यूपी 16 डीजेड 1243 ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चला रहे करण सिंह उछलकर कार के अगले हिस्से पर जा गिरे। गंभीर चोटों के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, हादसे में उमाशंकर लोधी के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें निजी एंबुलेंस से सिहोरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया। परिजन उन्हें जबलपुर ले जा रहे थे, लेकिन मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार व बाइक को सड़क से हटवाया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।