मध्यप्रदेश

नेशनल हाईवे-45 पर मौत बनकर दौड़ा मक्का लोड ट्रक, तीन लोगों को कुचला, ढाबा संचालक गंभीर घायल, राज फैमिली ढाबा के पास आधी रात हुआ भीषण हादसा, खड़े बोलेरो, कार और पिकअप को मारी टक्कर, अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित नेशनल हाईवे-45 पर देर रात करीब 2 बजे एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि राज फैमिली ढाबा के संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। मक्का से लदा तेज रफ्तार ट्रक ढाबे के पास खड़े वाहनों को टक्कर मारते हुए वहां आग ताप रहे लोगों को कुचलता चला गया। हादसे के बाद ट्रक कुछ दूरी पर जाकर पलट गया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

खाना खा रहे और आग ताप रहे थे लोग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त राज फैमिली ढाबे पर कुछ लोग खाना खा रहे थे, जबकि कुछ लोग ठंड से बचने के लिए अलाव ताप रहे थे। इसी दौरान मक्का से भरा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर वहां पहुंचा और ढाबे के पास खड़ी बोलेरो, कार और पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक की चपेट में आने से वहां मौजूद कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

तीन लोगों की गई जान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बलराम निवासी भिंड-मुरैना और मोनू के रूप में हुई है, जो शराब दुकान में कर्मचारी बताए गए हैं। वहीं तीसरे मृतक धर्मेंद्र निवासी खैरी थे, जो ढाबे में काम करते थे। एक ही हादसे में तीन लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।

ढाबा संचालक की हालत गंभीर

इस भीषण हादसे में राज फैमिली ढाबा के संचालक राजा साहू भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही भेड़ाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस हादसे की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मक्का लोड ट्रक की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होने के कारण यह दुर्घटना हुई। हालांकि ट्रक चालक ने किन परिस्थितियों में वाहन से नियंत्रण खोया, इसकी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button