मध्यप्रदेश

उमरियापान पंचायत के निर्माण कार्यों में अनियमितता की पंचों ने जनसुनवाई में पहुंचकर की शिकायत, अब 3 सदस्यीय टीम करेगी जांच

जनलोक टाईम्स से सोनू त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी/उमरियापान- ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत उमरियापान में विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों में कथित अनियमितता और गुणवत्ता में कमी को लेकर शिकायत सामने आई है। वार्ड पंचों ने जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ के नाम शिकायत सौंपते हुए पंचायत में कराए गए निर्माण कार्यों की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराने की मांग की है। शिकायत के बाद जनपद पंचायत ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है।

शिकायत में वित्तीय वर्ष 2025-26 में कराए गए विभिन्न रंगमंच निर्माण, साप्ताहिक हाट बाजार की सीसी सड़क, क्यूली तलैया, बनहाई एवं डोली मोहल्ले के मुक्तिधाम, गुरहा-कुदवारी मार्ग पर पुलिया एवं सड़क निर्माण सहित अन्य कार्यों में निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि कुछ कार्यों में राशि आहरित होने के बावजूद निर्माण कार्य पूर्ण नहीं कराए गए हैं।इसके अलावा वार्ड क्रमांक 4-5 में मुख्य मार्ग से जगदीश मंदिर की ओर बनाई गई सीसी सड़क, कन्या स्कूल एवं मुक्तिधाम में बाउंड्रीवाल व पेवर ब्लॉक, झंडा चौक स्मारक, बस स्टैंड नाली तथा हनुमान मंदिर से मुन्ना लहगेरे के घर की ओर बनाई गई सीसी सड़क की गुणवत्ता की भी तकनीकी जांच की मांग की गई है।

भुगतान और सफाई व्यवस्था की भी जांच की मांग

वार्ड पंच साधना चौरसिया, प्रेमलता चौरसिया, गुड्डी बाई चौधरी, मुकेश बर्मन, संतोष पौराणिक, प्रवीण चौरसिया, अनीता चौरसिया, गायत्री बाई बर्मन सहित अन्य ग्रामीणों ने पंचायत के खाते से कुछ व्यक्तियों के खातों में किए जा रहे भुगतानों की जांच की मांग की है। वहीं बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों के सुधार के नाम पर होने वाले खर्च और ग्राम पंचायत में साफ-सफाई के नाम पर किए जा रहे भुगतानों का भी सत्यापन कराने की मांग की गई है। शिकायतकर्ताओं ने साफ-सफाई पर प्रतिमाह लाखों रुपए खर्च किए जाने का आरोप लगाते हुए संबंधित अभिलेखों एवं मौके की स्थिति का मिलान कराने की मांग की है। शिकायतकर्ताओं ने जांच पूरी होने तक संबंधित कार्यों से जुड़े शेष भुगतान अथवा राशि के आहरण पर नियमानुसार रोक लगाने की मांग भी की है।

तीन सदस्यीय टीम करेगी जांच

जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी यजुवेंद्र कोरी ने बताया कि उमरियापान में कराए गए निर्माण कार्यों में अनियमितता को लेकर जनसुनवाई में शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है। टीम में सहायक यंत्री अजय केशरवानी, उपयंत्री मनीष हल्दकार और पीसीओ नरेश परौहा को शामिल किया गया है। जांच टीम द्वारा मौके पर कार्यों एवं संबंधित अभिलेखों का परीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button