प्रशासनमध्यप्रदेश

गड्ढों में तब्दील उमरियापान-सिहोरा मार्ग, हादसों को दे रही न्योता, 18 किलोमीटर लंबे मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, भारी वाहनों की आवाजाही से बढ़ा खतरा

जनलोक टाईम्स से सोनू त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी/उमरियापान- कटनी जिले के उमरियापान से सिहोरा को जोड़ने वाली लोक निर्माण विभाग की करीब 18 किलोमीटर लंबी सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में सड़क की जर्जर हालत दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ा रही है।

वाहन चालकों का कहना है कि सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहनों में टूट-फूट हो रही है। वहीं, ईंधन की खपत बढ़ने के साथ सफर में भी पहले से अधिक समय लग रहा है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति और भी जोखिमभरी बनी हुई है। गड्ढों से बचने के प्रयास में कई बार वाहन चालकों को अचानक दिशा बदलनी पड़ती है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है।

एक हिस्से में सुधार, दूसरी ओर गड्ढे बरकरार

बताया जाता है कि पेट्रोल पंप के पास लोक निर्माण विभाग द्वारा पूर्व में सड़क के एक हिस्से में सुधार कार्य कराया गया था, लेकिन सड़क की दूसरी ओर अब भी गड्ढे बने हुए हैं। इसके चलते वाहन चालकों को सुरक्षित निकलने के लिए जोखिम उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के बीच सड़क की मौजूदा स्थिति कभी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।

Related Articles

Back to top button