मध्यप्रदेशराजनीति
VIP इलाकों में चंदन चोरों का आतंक, पांच साल में 80 से अधिक वारदातों का दावा, पेड़ों की कटाई पर उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा, पुलिस की कार्रवाई और संगठित अपराध की धारा लगाने पर उठाए सवाल
जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी

भोपाल- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के अति सुरक्षित माने जाने वाले वीआईपी इलाकों में चंदन के पेड़ों की चोरी का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता नजर आ रहा है। चार इमली, 74 बंगला और विधानसभा क्षेत्र में चंदन चोरों के सक्रिय होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
उमंग सिंघार के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में इन इलाकों में चंदन के पेड़ों की चोरी की 80 से अधिक वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक केवल तीन मामलों को ही सुलझा पाई है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों के बंगले स्थित हैं, वहां 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरे होने के बावजूद चंदन के पेड़ों की कटाई होना गंभीर चिंता का विषय है।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि चंदन चोरी की घटनाओं में संगठित गिरोह की भूमिका होने के बावजूद पुलिस भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 111 के तहत संगठित अपराध की कार्रवाई करने से बच रही है। उनका कहना है कि गंभीर प्रकृति की इन घटनाओं को सामान्य चोरी के मामलों के रूप में दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
सिंघार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार से सवाल किया कि जब राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों में भी चंदन के पेड़ों की सुरक्षा नहीं हो पा रही है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा? उन्होंने सरकार से चंदन चोरी के मामलों की गंभीरता से जांच कराने और कथित गिरोह के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।





