Blogमध्यप्रदेश
65 लाख वेतन, लेकिन 2.41 करोड़ की संपत्ति! सहकारी समिति प्रबंधक के तीन ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा
जनलोक टाइम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

271.46 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का शुरुआती खुलासा, सोडपुर, नालछा और मांडव में एक साथ सर्च कार्रवाई; जेसीबी, ट्रैक्टर, कार और कृषि भूमि में लाखों का निवेश
भोपाल/धार- धार जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त पुलिस इंदौर की तीन टीमों ने बुधवार सुबह आदिम जाति सेवा सहकारी समिति नालछा के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमार कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में प्रबंधक के पास आय के ज्ञात स्रोतों से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने का खुलासा हुआ है। जांच के अनुसार, सेवाकाल में उन्हें लगभग 65 लाख रुपये वेतन के रूप में प्राप्त हुए, जबकि उनके द्वारा करीब 2 करोड़ 41 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति अर्जित करने और व्यय किए जाने की जानकारी सामने आई है। यह उनकी वैध आय से 271.46 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
लोकायुक्त पुलिस को शेरसिंह ठाकुर के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। इसके बाद प्रारंभिक जांच में उनके सेवाकाल के दौरान बड़ी मात्रा में चल और अचल संपत्ति अर्जित किए जाने के तथ्य सामने आए। इसी आधार पर बुधवार सुबह सोडपुर, नालछा और मांडव स्थित ठिकानों पर एक साथ सर्च कार्रवाई शुरू की गई। टीमों द्वारा संपत्तियों, बैंकिंग दस्तावेजों, निवेश और अन्य आर्थिक लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।

सोडपुर में 97 लाख का दो मंजिला भवन
लोकायुक्त की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रबंधक ने सोडपुर में 1520 वर्गमीटर का भूखंड खरीदा है। इस पर करीब 2400 वर्गफीट क्षेत्र में दो मंजिला भवन का निर्माण कराया गया है। भूखंड की खरीदी और भवन निर्माण पर लगभग 97 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके अलावा नालछा में मांडव रोड स्थित सोडपुर तिराहे पर 1350 वर्गफीट का व्यावसायिक भवन भी खरीदा गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
पत्नी के नाम पर भी खरीदी कृषि भूमि
जांच के दौरान प्रबंधक की पत्नी कविता ठाकुर के नाम पर कृषि भूमि खरीदे जाने की जानकारी सामने आई है। इसमें ग्राम सोडपुर, तहसील पीथमपुर में 0.645 हेक्टेयर कृषि भूमि की अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये तथा ग्राम मांडव, तहसील पीथमपुर में 2.526 हेक्टेयर कृषि भूमि की कीमत करीब 42 लाख रुपये बताई गई है। लोकायुक्त टीम इन जमीनों के दस्तावेजों और खरीदी के स्रोतों की जांच कर रही है।
जेसीबी, ट्रैक्टर, कार और कृषि यंत्रों में निवेश
प्रबंधक के ठिकानों से जेसीबी, महिंद्रा ट्रैक्टर, महिंद्रा टीयूवी, ऑल्टो कार, बुलेट सहित विभिन्न कृषि यंत्र और संयंत्रों की जानकारी मिली है। इनकी अनुमानित कीमत करीब 53 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक अन्य भवन का भी पता चला है, जिसे बेनामी संपत्ति होने की आशंका के चलते जांच के दायरे में लिया गया है। अन्य कृषि यंत्रों, ट्रैक्टर और ट्रॉलियों के स्वामित्व तथा उनकी कीमत का भी आकलन किया जा रहा है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त पुलिस ने शेरसिंह ठाकुर के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त इंदौर राजेश सहाय के नेतृत्व में चल रही कार्रवाई में डीएसपी आनंद चौहान सहित निरीक्षक आशुतोष मिठास, प्रतिभा तोमर और सचिन पटेरिया की टीमें शामिल हैं।





