प्रशासनमध्यप्रदेश

सिवनी के वायरल वीडियो ने पुलिस महकमे में मचाया हड़कंप, ASP और SDOP सहित 6 पुलिसकर्मी निलंबित, वीडियो वायरल होने के बाद सरकार का बड़ा एक्शन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिए निष्पक्ष जांच के निर्देश

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

सिवनी- जिले के बबरिया रोड स्थित एक होटल में पुलिस अधिकारियों के पहुंचने और कथित तौर पर गांजा रखवाने की बात करने से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर सिवनी के एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी सहित कुल छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में कथित तौर पर एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा और कुछ पुलिस अधिकारी होटल में नजर आ रहे हैं। वीडियो में गांजा रखवाने से संबंधित बातचीत सामने आने का दावा किया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों के आचरण पर सवाल उठने लगे। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत थाना प्रभारी सतीश तिवारी समेत चार पुलिसकर्मियों को पहले ही लाइन अटैच किया गया था।

मामले में पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाना ने भी सख्त कार्रवाई के संकेत दिए थे। उन्होंने बताया था कि एडिशनल एसपी और एसडीओपी को निलंबित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।

इधर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर स्पष्ट किया कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिवनी के वायरल वीडियो प्रकरण में प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण सामने आने पर एएसपी, एसडीओपी सहित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने वाले प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी से जिम्मेदारी, मर्यादा और अनुशासन के साथ कर्तव्यों का निर्वहन अपेक्षित है। सरकार की कदाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button