प्रशासनमध्यप्रदेश

लापरवाही पर कलेक्टर का एक्शन, सीएमओ बरही समेत तीन अधिकारियों को नोटिस के निर्देश सीएम हेल्पलाइन, स्वामित्व योजना और राजस्व प्रकरणों की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, समय-सीमा बैठक में विभागीय अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- जिले में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और विभागीय कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के प्रति कलेक्टर आशीष तिवारी ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में उन्होंने सीएमओ बरही सहित तीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में लंबित शिकायतों, राजस्व प्रकरणों, स्वामित्व योजना और विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने मत्स्य विभाग को स्मार्ट फिश पार्लर के लिए भूमि उपलब्ध नहीं कराने पर सीएमओ बरही के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश नगर निगम आयुक्त को दिए। वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं होने और बिना अनुमति वेतन आहरण किए जाने के मामले में संबंधित अधिकारियों को सीएमएचओ के माध्यम से कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा। इसके अलावा बिना पूर्व सूचना बैठक से अनुपस्थित रहने पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारी को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में बरतें गंभीरता

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा करते हुए लंबित शिकायतों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने विभाग की शिकायतों की नियमित समीक्षा करें और शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करें। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत 20 नवंबर को रीठी में आयोजित होने वाले शिविर की तैयारियों की समीक्षा करते हुए चयनित सीएम हेल्पलाइन और लोकसेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित शिकायतों का निराकरण करने के निर्देश भी दिए।

स्वामित्व योजना और राजस्व प्रकरणों पर फोकस

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन योजना में तेजी लाने के निर्देश सभी एसडीएम और तहसीलदारों को दिए। साथ ही ऑनलाइन खसरा अपडेट, फार्मर आईडी रजिस्ट्री, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, पीएम किसान ई-केवाईसी और भू-अभिलेखों के डिजिटाइजेशन की प्रगति की समीक्षा कर लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा।

आंगनबाड़ी भवनों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

महिला एवं बाल विकास विभाग को डीएमएफ मद से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पांच-पांच आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण के प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सभी शासकीय कार्यालयों में सी-बॉक्स स्थापित करने को कहा गया।

स्वास्थ्य और स्वरोजगार योजनाओं की भी समीक्षा

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान बीएमओ विजयराघवगढ़ को अनमोल पोर्टल पर एएनसी पंजीयन में तेजी लाने तथा गंभीर एनीमिया के मामलों में सुधार के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए गए।

वहीं, उद्योग, पिछड़ा वर्ग, पशुपालन, मत्स्य पालन और उद्यानिकी विभाग की स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्वीकृत प्रकरणों की औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर हितग्राहियों को लाभान्वित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, सीएमएचओ डॉ. राजसिंह ठाकुर, समस्त एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button