Blogमध्यप्रदेश

जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म-1 पर लगी आग, 5 दमकल वाहनों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू, स्टॉल के ऊपर लगा शेड भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- रेलवे स्टेशन जबलपुर के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बुधवार को एक स्टॉल में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और स्टॉल के आसपास रखे पार्सल एवं अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि स्टॉल के ऊपर लगा शेड भी जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर स्थित स्टॉल से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने आसपास रखे सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया। प्लेटफॉर्म पर आग फैलती देख यात्रियों और रेल कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। करीब शाम 4 बजे दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक स्टॉल में रखा सामान और आसपास रखे पार्सल जल चुके थे। आग की चपेट में आने से स्टॉल के ऊपर लगा शेड भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

रेलवे स्टेशन जैसे व्यस्त और संवेदनशील स्थान पर आग लगने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि समय रहते दमकल वाहनों ने मोर्चा संभाल लिया और आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और कुल आर्थिक नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है।

Related Articles

Back to top button