मध्यप्रदेश

आंवला नवमी पर महिलाओं ने किया विधि-विधान से पूजन, आंवला वृक्ष की परिक्रमा कर परिवार की खुशहाली के लिए मांगा आशीर्वाद

जनलोक टाईम्स से सोनू त्रिपाठी की रिपोर्ट

उमरियापान-पचपेड़ी सहित आसपास के ग्रामों में बुधवार को आंवला नवमी (अक्षय नवमी) का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली, सुख-सौभाग्य और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आंवला वृक्ष का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया।

कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाए जाने वाले इस पर्व का धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आंवला नवमी पर आंवला वृक्ष की पूजा करने से परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहती है।

पर्व के चलते बेलखाड़ू सहित आसपास के गांवों में सुबह से ही महिलाओं में पूजन को लेकर उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने आंवला वृक्ष के नीचे पूजन स्थल तैयार कर जल, अक्षत, पुष्प और दीप अर्पित किए। इसके बाद विधि-विधान से पूजा कर वृक्ष की परिक्रमा की और परिवार की उन्नति एवं संतान के मंगलमय भविष्य की प्रार्थना की।

पूजन के बाद महिलाओं ने आंवला वृक्ष के नीचे बैठकर भोजन किया। घरों में विभिन्न प्रकार के पकवान तैयार किए गए, जिन्हें पूजन के पश्चात प्रसाद स्वरूप ग्रहण किया गया। पूरे क्षेत्र में पर्व को लेकर धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का माहौल बना रहा।

Related Articles

Back to top button