मध्यप्रदेश

20 लाख के पंचायत भवन की सुस्त रफ्तार पर ढीमरखेडा जनपद CEO की नजर, पोंडीकला पहुंचकर परखी विकास कार्यों की हकीकत

जनलोक टाईम्स से सोनू त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी/ढीमरखेड़ा- ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने मैदानी निरीक्षण तेज कर दिए हैं। जिला पंचायत सीईओ सुश्री हर सिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायतों का दौरा कर विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति परखी जा रही है। इसी क्रम में ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कृष्णकांत पांडेय ने ग्राम पंचायत पोंडीकला पहुंचकर विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जनपद सीईओ ने लगभग 20 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन ग्राम पंचायत भवन का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही भवन का निर्माण गुणवत्ता के निर्धारित मानकों के अनुरूप जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को पंचायत संबंधी कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

इस दौरान सीईओ ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने लंबित शिकायतों पर गंभीरता दिखाते हुए उनका समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने और पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर दिलाने पर जोर दिया।

उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत सीईओ सुश्री हर सिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर जिले में लगातार किए जा रहे इन फील्ड निरीक्षणों का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों की निगरानी, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। प्रशासनिक स्तर पर इस पहल के जरिए पंचायतों में विकास कार्यों की गुणवत्ता, गति और जवाबदेही बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button