मध्यप्रदेश

जबलपुर से दिल्ली जाने वाली सभी तीन ट्रेनें रद्द, दिल्ली जंतरमंतर आंदोलन का असर, यात्रियों को जानकारी देने रेलवे स्टेशनों पर हो रहा अलाउन्‍स

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- जबलपुर से दिल्ली जाने वाले रेल यात्रियों को शुक्रवार, 9 अक्टूबर को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) ने रेलवे बोर्ड के निर्देश पर जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली तीन प्रमुख ट्रेनों को एक दिन के लिए रद्द कर दिया है। इससे तीन हजार से अधिक यात्रियों की यात्रा प्रभावित होने की आशंका है।

रद्द की गई ट्रेनों में गाड़ी संख्या 22181 जबलपुर–हजरत निजामुद्दीन सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 12189 महाकौशल सुपरफास्ट एक्सप्रेस और 12121 एमपी संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस शामिल हैं।

रेलवे के अनुसार, 10 अक्टूबर को नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास संभावित यातायात दबाव को देखते हुए ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया गया है। अचानक लिए गए इस फैसले से दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना पड़ सकता है।

यात्रियों को जानकारी देने के लिए जबलपुर और कटनी रेलवे स्टेशनों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से घोषणाएं की जा रही हैं। इसके साथ ही मोबाइल फोन पर भी संदेश भेजकर ट्रेनों के निरस्त होने की सूचना दी जा रही है।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि वापसी ट्रेनों के संबंध में जानकारी अलग से जारी की जाएगी। यात्रियों को सलाह है कि स्टेशन के लिए रवाना होने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि कर लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button