प्रशासनमध्यप्रदेश

त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, 19 को जवारा और 20 को रहेगा प्रतिमा विसर्जन, डीजे पर रहेगा प्रतिबंध, विसर्जन मार्गों पर CCTV से निगरानी सहित यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- नवरात्रि, जवारा विसर्जन, दशहरा, दीपावली सहित आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर आशीष तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सुरक्षा, यातायात, बिजली, विसर्जन मार्ग और कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में तय किया गया कि 19 अक्टूबर को जवारा विसर्जन होगा, जबकि 20 अक्टूबर को महाआरती के बाद शाम से दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू किया जाएगा। कलेक्टर ने नगर निगम को विसर्जन मार्गों की सड़क मरम्मत, पेयजल और अस्थायी शौचालय सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

तय मार्ग और क्रम से ही निकलेंगी प्रतिमाएं

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि दुर्गा प्रतिमाओं को निर्धारित क्रम और तय मार्ग से ही विसर्जन के लिए ले जाया जाएगा। उन्होंने दुर्गा समितियों और समाजसेवियों से प्रशासन व पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने तथा आयोजन को अनुशासित तरीके से संचालित करने की अपील की।

झूलते बिजली तारों पर सख्ती

विसर्जन जुलूस के दौरान हादसे की आशंका को देखते हुए बिजली विभाग को मार्गों का निरीक्षण कर झूलते, लटकते और कम ऊंचाई वाले बिजली तारों को समय रहते व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। दुर्गा समितियों को पंडाल लगाने से पहले अस्थायी विद्युत कनेक्शन लेने के लिए भी कहा गया।

CCTV की निगरानी में रहेंगे जुलूस और विसर्जन स्थल

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था और यातायात पर नजर रखने के लिए प्रमुख जुलूस मार्गों तथा विसर्जन स्थलों पर CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी। उन्होंने दुर्गा समितियों से युवाओं को संयम और अनुशासन के साथ पर्व मनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

डीजे पर पूरी तरह प्रतिबंध

बैठक में इको फ्रेंडली मिट्टी की प्रतिमाओं को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और पंडालों में डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग के लिए संबंधित क्षेत्र के SDM, SDOP, CSP अथवा पुलिस थाने से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

आजाद चौक से झंडा बाजार तक जुलूस मार्ग पर तीन और चार पहिया वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित करने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया।

प्रशासन ने दिया सुरक्षा का भरोसा

कलेक्टर आशीष तिवारी ने शांति समिति के सदस्यों को त्योहारों के दौरान मजबूत कानून व्यवस्था और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। पुलिस-प्रशासन ने सभी समितियों से नियमों का पालन करते हुए पर्व मनाने और आम लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने की अपील की।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, निगमायुक्त तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्र, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर एवं एसडीएम विजयराघवगढ़ प्रमोद चतुर्वेदी, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित शुक्ला, अमर ताम्रकार, नवनीत गुप्ता सहित पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और बिजली विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button