Blogमध्यप्रदेश

हाईब्रिड मोड पर होगी उर्वरक वितरण व्यवस्था, किसान टोल फ्री नंबर 0761-181 पर कॉल कर प्राप्त कर सकेंगे खाद, जबलपुर जिले में आज से शुरू होगी जिला ई-गवर्नेंस के माध्यम से टोकन की अतिरिक्त व्यवस्था

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- जिले में किसानों को उर्वरक वितरण की सुविधा आसान और व्यवस्थित बनाने के लिए शासन के निर्देशानुसार अब हाईब्रिड मोड पर उर्वरक वितरण की व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके तहत किसान उर्वरक प्राप्त करने के लिए टोल फ्री नंबर 0761-181 पर कॉल कर सकेंगे। कॉल के दौरान किसान को अपना नाम, मोबाइल नंबर, समग्र आईडी नंबर, जमीन का खसरा नंबर तथा ग्राम एवं हल्का का नाम दर्ज कराना होगा।

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कार्यालय, जबलपुर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार उर्वरक वितरण की पूर्व में लागू ई-विकास प्रणाली को 30 जुलाई 2026 से हाईब्रिड मोड में संचालित करने का निर्णय लिया गया है। किसानों को उर्वरक विक्रय के दौरान आवश्यक दस्तावेजों और जानकारी का अनिवार्य रूप से संधारण किया जाएगा।

निर्देशों के मुताबिक उर्वरक विक्रय के समय किसान के आधार कार्ड की छायाप्रति, मोबाइल नंबर तथा प्रदाय किए गए उर्वरक की कंपनीवार और उर्वरकवार मात्रा का रिकॉर्ड रखा जाएगा। इसमें यूरिया, डीएपी, एनपीके, एसएसपी और एमओपी सहित अन्य उर्वरकों की जानकारी दर्ज की जाएगी। साथ ही विक्रय की गई उर्वरक मात्रा को बाद में पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य होगा।

जिले में उर्वरक वितरण से संबंधित जानकारी पैक्स, विपणन संघ के डबल लॉक केंद्रों, एमपी एग्रो के विक्रय केंद्रों तथा निजी विक्रेताओं द्वारा निर्धारित प्रपत्र में संधारित की जाएगी।

खरीफ फसल के दौरान किसानों को खाद प्राप्त करने में सुविधा देने के उद्देश्य से जिला ई-गवर्नेंस के माध्यम से टोकन की अतिरिक्त व्यवस्था 1 अगस्त 2026 से शुरू की जा रही है। इस व्यवस्था से किसानों को उर्वरक प्राप्त करने में आसानी होगी और वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।

Related Articles

Back to top button