मध्यप्रदेश

सागर में भीषण सड़क हादसा: यात्री बस और कार की जोरदार भिड़ंत, 3 की मौत, 2 कार सवार सहित बस यात्री घायल

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

सागर- बहरिया थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में यात्री बस और कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्टिगा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जाकर पलट गई। बस में सवार कुछ यात्रियों को भी चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, हरियाणा पासिंग अर्टिगा कार सीएनजी पंप से गैस भरवाने के बाद चौराहे की ओर आ रही थी। इसी दौरान दमोह की तरफ से सागर आ रही सूत्र सेवा कंपनी की यात्री बस से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े।

कार में फंसे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया

स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत कार्य शुरू करते हुए कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों तथा बस में घायल यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

भिवानी के रहने वाले थे मृतक

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान शिवम मखीजा, गोलू उर्फ शुभम और विकास उर्फ विक्की मखीजा, निवासी जिला भिवानी, हरियाणा के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही सागर एसपी अनुराग सुजानिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की स्थिति का जायजा लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दुर्घटना किस वजह से हुई और हादसे के समय दोनों वाहनों की गति कितनी थी।

Related Articles

Back to top button