‘कैच द रेन’ अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान, जल की हर बूंद बचाने और प्रकृति संरक्षण का लिया संकल्प
कटनी- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण का भाजपा कटनी कार्यकर्ताओं द्वारा मुड़वारा मंडल के बूथ क्रमांक 66 में सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण और समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर खजुराहो सांसद श्री वीडी शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक सोनी टंडन, विजयराघवगढ़ विधायक श्री संजय सत्येंद्र पाठक, बड़वारा विधायक श्री धीरेन्द्र बहादुर सिंह, महापौर श्रीमती प्रीति सूरी, निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम में जल संरक्षण को लेकर देशवासियों से महत्वपूर्ण अपील की। उन्होंने ‘कैच द रेन’ अभियान के माध्यम से वर्षा जल संचयन, भूजल संवर्धन, जल संरक्षण और वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने जल की प्रत्येक बूंद को बचाने और प्रकृति के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि जल की हर बूंद का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक है और इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।