जबलपुर- जबलपुर शहर के अधारताल क्षेत्र में पुलिस के प्रति असामाजिक तत्वों के बढ़ते दुस्साहस का एक मामला सामने आया है। यहां कुछ शराबी युवकों ने बीच सड़क पर सीएसपी की गाड़ी रोककर उनसे बहस शुरू कर दी। इस दौरान सड़क पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई और राहगीरों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधारताल थाना क्षेत्र में हुए इस घटनाक्रम के दौरान शराब के नशे में धुत युवक पुलिस अधिकारी से ही उलझ पड़े। घटना के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस के अनुसार, सड़क पर विवाद की स्थिति देखकर सीएसपी ने स्वयं वाहन रोककर मामले की जानकारी ली थी। इसके बाद अधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था और असामाजिक तत्वों के बीच पुलिस के प्रति भय के स्तर को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।