Blogमध्यप्रदेश

स्लीमनाबाद टनल निर्माण अंतिम चरण में, 14 जुलाई तक कार्य पूर्ण होने की संभावना, सतना सांसद गणेश सिंह ने किया निरीक्षण

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

वर्षों से लंबित परियोजना से सतना जिले के हजारों किसानों को मिलेगा लाभ, 15 जुलाई को कर्मयोगियों का होगा सम्मान

कटनी/स्लीमनाबाद- स्लीमनाबाद क्षेत्र में निर्माणाधीन बहुप्रतीक्षित नहर टनल परियोजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि द्वारा शनिवार को निर्माणाधीन टनल कार्य का निरीक्षण किया गया, जहां अधिकारियों एवं इंजीनियरों ने जानकारी दी कि सुरंग निर्माण का मात्र 38 मीटर कार्य शेष रह गया है और वर्तमान गति को देखते हुए आगामी 14 जुलाई 2026 तक टनल निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान बताया गया कि वर्षों से लंबित यह महत्वपूर्ण परियोजना अब पूर्णता की ओर अग्रसर है। जनप्रतिनिधि ने कहा कि यह केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि सतना जिले के हजारों किसानों की आशाओं और भविष्य से जुड़ी एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके पूर्ण होने से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध होगा और कृषि क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन देखने को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से रुकी हुई इस परियोजना को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं और अब शीघ्र ही मां नर्मदा का पवित्र जल किसानों के खेतों तक पहुंचेगा, जिससे कृषि, सिंचाई व्यवस्था एवं ग्रामीण जीवन को नई दिशा मिलेगी।

इस अवसर पर उन्होंने परियोजना से जुड़े इंजीनियरों, मशीन ऑपरेटरों एवं अधिकारियों के समर्पण और कठिन परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में भी सभी ने निरंतर कार्य कर इस चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को पूर्णता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसी योगदान के सम्मान में आगामी 15 जुलाई 2026 को स्लीमनाबाद में परियोजना से जुड़े कर्मयोगियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं नर्मदा घाटी विकास विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और सकारात्मक प्रयासों के कारण यह कठिन कार्य संभव हो सका। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्षों का संघर्ष और प्रयास अब सफल होने जा रहा है तथा इसका प्रत्यक्ष लाभ क्षेत्र के किसानों और आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा।

Related Articles

Back to top button