Blogमध्यप्रदेश

वन्यजीव संरक्षण में मध्यप्रदेश की बड़ी छलांग, वन सुरक्षा को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से AI आधारित “PAWS” का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया शुभारंभ

जनलोक टाइम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जन एवं वन सुरक्षा को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से AI आधारित अभिनव ‘पेंच एडवांस वार्निंग सिस्टम (PAWS)’ का शुभारंभ किया। इस अत्याधुनिक प्रणाली के माध्यम से वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी और संभावित खतरों के प्रति समय रहते चेतावनी देने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वन संरक्षण एवं सुरक्षा कार्यों के लिए उपलब्ध कराए गए नवीन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों से वन क्षेत्रों में निगरानी, त्वरित कार्रवाई और वन्यजीव संरक्षण गतिविधियों को और अधिक गति मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्मश्री डॉ. नारायण व्यास एवं श्री मोहन जिनागर का सम्मान किया गया। साथ ही वन सुरक्षा, ईको विकास और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले ग्राम वन समितियों के प्रतिनिधियों तथा वन कर्मियों को भी पुरस्कृत किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ‘टाइगर स्टेट’ मध्यप्रदेश में बाघों सहित अन्य वन्यजीवों के संरक्षण के लिए लगातार और प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में बेहतर वन प्रबंधन, सुरक्षित आवास और संरक्षण गतिविधियों के परिणामस्वरूप बाघों का कुनबा निरंतर बढ़ रहा है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अगले वर्ष होने वाली बाघ गणना में मध्यप्रदेश में बाघों की संख्या एक हजार से अधिक होने की संभावना है। यह उपलब्धि प्रदेश के वन्यजीव संरक्षण प्रयासों के साथ-साथ वन विभाग, स्थानीय समुदायों और वन कर्मियों की प्रतिबद्धता का परिणाम होगी।

Related Articles

Back to top button