Blogमध्यप्रदेश

विधायक संजय पाठक से ₹1.49 करोड़ की ठगी का मास्टरमाइंड मियम शेट्टी मुंबई से गिरफ्तार, फर्जी फर्म के खाते में ट्रांसफर कराए थे ₹1.16 करोड़, न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को भेजा गया जेल

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक से हुई 1 करोड़ 49 लाख 60 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में कटनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रंगनाथनगर थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय की टीम ने मामले के कथित मास्टरमाइंड मियम शेट्टी को मुंबई से गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मियम शेट्टी ने ‘स्काईलूम स्पार्क प्राइवेट लिमिटेड’ नाम से फर्जी फर्म का बैंक खाता खुलवाया था। साइबर ठगी की रकम में से 1 करोड़ 16 लाख रुपये इसी खाते में ट्रांसफर कराए गए थे।

दो गिरफ्तारियों से खुला मास्टरमाइंड का राज

करीब 17 दिन पहले पुलिस ने मुंबई से रिजवान मलिक (26), निवासी संत कबीरनगर, उत्तर प्रदेश और अब्दुल जब्बार उर्फ साहिल (36), निवासी हरिद्वार, उत्तराखंड को गिरफ्तार किया था। दोनों फर्म के कागजी मालिक बताए गए थे। पूछताछ के दौरान पुलिस को फर्म के असली सूत्रधार मियम शेट्टी के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई।

दो खातों में पहुंचाई गई थी ठगी की रकम

जांच में सामने आया कि ठगी की रकम दो अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कराई गई। पहली बार इंडसइंड बैंक के ‘बिग ड्रीम सर्विस’ खाते में 33 लाख 60 हजार रुपये और दूसरी बार बंधन बैंक के ‘स्काईलूम स्पार्क प्राइवेट लिमिटेड’ खाते में 1 करोड़ 16 लाख रुपये भेजे गए।

अब तक 10 आरोपी गिरफ्तार

इस बड़े साइबर ठगी मामले में पुलिस अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इनमें नरसिंहपुर के करेली से 4, ग्वालियर से 3 और मुंबई से 3 आरोपी शामिल हैं। मुंबई से गिरफ्तार आरोपियों में रिजवान मलिक, अब्दुल जब्बार और कथित मास्टरमाइंड मियम शेट्टी शामिल हैं।

पुलिस की जांच अब ठगी की पूरी रकम के लेन-देन, अन्य जुड़े आरोपियों और साइबर नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने पर केंद्रित है।

Related Articles

Back to top button