Blogमध्यप्रदेश

अवैध पैकारियों पर शिकंजा कसने बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने एसपी को लिखा पत्र, विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की मांग, योगेंद्र सिंह ‘दादा ठाकुर’ ने दी जानकारी लगातार मिल रहीं अवैध कारोबार की शिकायतें

जनलोक टाईम्स से सोनू त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- बड़वारा विधानसभा क्षेत्र में अवैध पैकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने पुलिस अधीक्षक, कटनी को पत्र लिखकर विशेष अभियान चलाने की मांग की है। इस संबंध में योगेंद्र सिंह ‘दादा ठाकुर’ ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों से लगातार अवैध पैकारियों के संचालन की शिकायतें मिल रही हैं, जिससे आमजन में असंतोष बढ़ रहा है तथा कानून-व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

1 अगस्त 2026 को जारी पत्र में विधायक ने उल्लेख किया है कि स्लीमनाबाद थाना, तेवरी चौकी, एनकेजे थाना, निवार चौकी, ढीमरखेड़ा थाना, उमरियापान थाना तथा सिलौड़ी चौकी सहित अन्य क्षेत्रों में अवैध पैकारियों के संचालन की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इन अवैध गतिविधियों के कारण सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति भी चुनौतीपूर्ण बन रही है। विधायक ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि संबंधित सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अवैध पैकारियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।साथ ही भविष्य में इस प्रकार के अवैध कारोबार पर पूर्णतः रोक लगाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएँ, ताकि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे।

विधायक द्वारा भेजे गए इस पत्र की प्रतिलिपि पुलिस महानिरीक्षक, जबलपुर रेंज, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कटनी, आबकारी विभाग, कटनी तथा संबंधित थाना प्रभारियों को भी प्रेषित की गई है, जिससे सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्रवाई सुनिश्चित कर सकें।योगेंद्र सिंह ‘दादा ठाकुर’ ने कहा कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना जनहित और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक है तथा इस दिशा में प्रशासन से त्वरित एवं ठोस कार्रवाई की अपेक्षा की गई है।

Related Articles

Back to top button