Blogमध्यप्रदेश

राष्ट्रगीत के अपमान पर कांग्रेस पर बरसे मोहन यादव, बोले- देश से माफी मांगें सोनिया-राहुल

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के अपमान का आरोप लगाते हुए कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली में राष्ट्रगीत के गायन के दौरान बाधा पैदा की गई, जो अत्यंत निंदनीय है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी जल्द ही इस मामले में देश से माफी मांगेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से वंदे मातरम का पूरा गीत गवाया। यह वही राष्ट्रगीत है, जिसे स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशभक्तों ने अपनी प्रेरणा और संघर्ष का स्वर बनाया था। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम गाते हुए आजादी के मतवालों ने अपना जीवन देश के लिए कुर्बान किया। ऐसे राष्ट्रगीत का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

दिल्ली में गायन के दौरान इशारे पर विवाद

दरअसल, 15 अगस्त को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में ध्वजारोहण के बाद वंदे मातरम का गायन किया जा रहा था। इसी दौरान का एक वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया। वीडियो में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी नजर आ रहे हैं। भाजपा का आरोप है कि सोनिया गांधी ने राष्ट्रगीत के गायन को रोकने के लिए इशारा किया।

कांग्रेस ने दी सफाई

वहीं, कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि सोनिया गांधी वंदे मातरम के गायन को रोकने के लिए नहीं, बल्कि काफी देर से खड़े मल्लिकार्जुन खरगे को बैठने का इशारा कर रही थीं। कांग्रेस की सफाई के बावजूद भाजपा लगातार इस मुद्दे को लेकर हमलावर है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राष्ट्रगीत का सम्मान देश के हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि जिन कांग्रेस नेताओं पर अपमान का आरोप लगा है, उन्हें अपनी गलती स्वीकार करते हुए देश से माफी मांगनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button