गांधी जयंती पर बड़वारा विधायक श्री धीरेंद्र बहादुर सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़वारा में चलाया स्वच्छता अभियान, स्वच्छता मित्रों का किया सम्मान
बड़वारा- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में बड़वारा विधायक श्री धीरेंद्र बहादुर सिंह ने सहभागिता कर स्वच्छता का संदेश दिया।
विधायक ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई करते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में कार्यरत स्वच्छता मित्रों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सहभागी बनने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जनजीवन से जोड़ते हुए इसे राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया था। सेवा और स्वच्छता के इस संदेश को आगे बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।