ढीमरखेड़ा- वन परिक्षेत्र ढीमरखेड़ा के द्वारा अवैध सागौन चिरान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम कछारगांव (बड़ा) में एक घर से सागौन चिरान के 41 नग जब्त किए हैं। जब्त लकड़ी की मात्रा 0.232 घनमीटर बताई गई है। कार्रवाई के दौरान बढ़ईगिरी में प्रयुक्त औजार भी जब्त कर सूचीबद्ध किए गए।
वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार एवं उपवन मंडलाधिकारी कटनी पश्चिम कार्तिकेय भट्ट के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री सचिन नामदेव के निर्देशन में वन अमले ने प्राप्त सर्च वारंट के आधार पर 17 अगस्त को ग्राम कछारगांव (बड़ा) में राकेश पिता राममिलन बढ़ई के घर की नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान वहां अवैध रूप से बढ़ईगिरी एवं फर्नीचर निर्माण का कार्य संचालित पाया गया।
मौके पर मौजूद सागौन चिरान के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वन विभाग ने 41 नग चिरान जब्त कर लिया। विभाग द्वारा जप्ती पत्रक तैयार करते हुए वन अपराध प्रकरण क्रमांक 191/14, दिनांक 17 अगस्त 2026 पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी द्वारा विभाग के समक्ष राजीनामा भी प्रस्तुत किया गया।
कार्रवाई में उपवनक्षेत्रपाल मोहम्मद खालिक, वनरक्षक राजेश गुप्ता, राजेश शर्मा, रामकृष्ण दुबे, उमा चौधरी, अंकित गौतम, दिनेश दहायत, रामफल पटेल, सुजाता गौड़ सहित वन अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।