मध्यप्रदेश

आरक्षक (चालक) के 1000 पदों पर भर्ती हेतु 15 अक्टूबर से आवेदन आमंत्रित, केवल पुरुष अभ्यर्थी ही कर सकेंगे आवेदन

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने पुलिस मुख्यालय के प्रस्ताव पर आरक्षक चालक सीधी भर्ती परीक्षा-2026 की नियम पुस्तिका जारी कर दी है। भर्ती प्रक्रिया के तहत आरक्षक चालक के 1000 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) के 200 और जिला पुलिस बल के 800 पद शामिल हैं। भर्ती के लिए केवल पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 अक्टूबर से शुरू होकर 29 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 3 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। भर्ती परीक्षा 4 जनवरी 2027 से शुरू होने की संभावित है।

दो चरणों में होगी भर्ती परीक्षा

आरक्षक चालक भर्ती परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों का शारीरिक पहचान सत्यापन किया जाएगा। आधार कार्ड का भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) से सत्यापन भी अनिवार्य रहेगा।

वैध ड्राइविंग लाइसेंस जरूरी

आरक्षक चालक पद के लिए अभ्यर्थी के पास वैध वाहन चालन अनुज्ञप्ति (ड्राइविंग लाइसेंस) होना अनिवार्य है। इसके अलावा निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और शारीरिक दक्षता संबंधी पात्रता पूरी करना होगी। चयनित अभ्यर्थियों को 19,500 से 62,000 रुपए तक वेतनमान मिलेगा।

Related Articles

Back to top button